केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज की छात्राएं अपनी कला का प्रदर्शन करती हुई। स्रोत कॉलेज
- फोटो : विद्युत विभाग
बदायूं। केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को जनपद स्तरीय बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के कई विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं की बैंड टीमों ने भाग लिया। उन्होंने अनुशासन, तालमेल और लयबद्धता का अद्भुत प्रदर्शन किया। ढोल, नगाड़ों और बैंड की मधुर धुनों से पूरे परिसर का वातावरण उत्सवमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या डॉ. अमलेश गुप्ता और जिला क्रीड़ा सचिव अजय कुमार पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद बारी-बारी से सभी छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुत दी। उन्होंने वेशभूषा, मार्च पास्ट और वाद्य यंत्रों की शानदार धुनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन जिला क्रीड़ा सचिव अजय पटेल, रेखा राठौर और पूनम रस्तोगी ने किया।
परिणाम घोषित हुआ तो पाइप बैंड बालिका वर्ग में केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज, बालक वर्ग में भू देवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज और ब्रास बैंड बालक वर्ग में शिव देवी सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज की टीम प्रथम स्थान पर रही। विजेता प्रतिभागियों को जिला समन्वयक अधिकारी चंद्रभान यादव ने प्रमाणपत्र प्रदान किए। इस मौके पर नोडल शिक्षिका शालिनी सिंह, ज्योति रस्तोगी, अर्चना तिवारी, क्षमा, सोनल, मीनाक्षी का विशेष योगदान रहा। प्रधानाचार्या डॉ. अमलेश गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं अनुशासन निर्माण के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज की छात्राएं अपनी कला का प्रदर्शन करती हुई। स्रोत कॉलेज- फोटो : विद्युत विभाग