घायल छात्रा को प्राइवेट अस्पताल भेजते उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी। संवाद
बदायूं। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से हाफिज सिद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज में चल 42वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं नदारद रहीं। प्रतियोगिता में घायल हुईं छात्राओं के लिए एंबुलेंस तक की व्यवस्था नहीं थी।
तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से सीएमओ को पत्र लिखकर एंबुलेंस व चिकित्सकीय टीम उपलब्ध कराने की मांग की गई थी, लेकिन इसके बावजूद मौके पर कोई व्यवस्था नहीं की गई। पहले दिन प्रतियोगिता शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी को चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता नहीं पड़ी, लेकिन दूसरे दिन बुधवार को खेल के दौरान छात्रा लवली और मधु चोटिल हो गईं। इसके अलावा नीरज, सविता को बुखार की शिकायत भी हुई। स्वास्थ्य व्यवस्था न होने के कारण आयोजकों को घायल छात्राओं को निजी अस्पताल ले जाकर उपचार कराना पड़ा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि इतना बड़ा आयोजन है। यहां पर सीएमओ को पत्राचार कर डॉक्टर और एंबुलेंस की मांग की थी, लेकिन नहीं भेजी। बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इसको लेकर सीएमओ से बात की जाएगी।