बदायूं के थाना बिनावर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब प्रेमिका ने प्रेमी का रिश्ता तुड़वाकर उसी के साथ मंदिर में विवाह रचा लिया। जानकारी के अनुसार, थाना बिनावर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का लगभग चार वर्ष पूर्व जिला रामपुर की एक युवती से कॉलेज के दौरान प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। दोनों पिछले चार वर्ष से रिलेशनशिप में थे। घंटों फोन पर बातचीत करते रहते थे। परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी होने के बावजूद युवक के परिवार ने उसका रिश्ता थाना गुजरिया क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से तय कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, बीते दिनों युवक की गोद भराई (सगाई) की रस्म भी संपन्न हो चुकी थी और शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच किसी तरह प्रेमिका को प्रेमी की शादी की जानकारी मिल गई। इसके बाद युवती शनिवार देर रात सीधे थाना बिनावर पहुंच गई और पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच में प्रेम संबंध की बात सही पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने युवती से आवश्यक कार्रवाई के बारे में बात की।
युवक के परिजनों ने मांगी माफी
इस दौरान प्रेमी पक्ष के लोग थाने पहुंच गए और युवती से माफी मांगते हुए कार्रवाई न करने की गुजारिश करने लगे। साथ ही उन्होंने अपने बेटे की शादी उसी युवती से कराने की बात भी स्वीकार कर ली। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने पर मामला शांत हो गया और सभी लोग थाने से लौट गए। बाद में बदायूं के एक मंदिर में विधि-विधान के साथ युवक और युवती का विवाह संपन्न कराया गया। पुलिस का कहना है कि मामला आपसी सहमति से सुलझ गया है और अब कोई विवाद शेष नहीं है।