बिनावर। थाना क्षेत्र के गांव बुधूपुरा में करीब 15 दिन पहले हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलसी छात्रा पूजा (15) की शुक्रवार शाम उपचार के दौरान बरेली में मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने जेई और लाइनमैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
गांव बुधूपुरा निवासी वेदपाल का कहना है कि उनकी बेटी पूजा 22 फरवरी को चारा काटकर खेत से लौट रही थी। वह अपने सिर पर घास की गठरी रखे हुए थी। रास्ते में हाईटेंशन लाइन काफी नीचे लटक रही थी। उसके नीचे से गुजरते समय पूजा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई थी।
परिवार वाले उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए थे, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इससे उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां भी छात्रा की हालत में सुधार नहीं आया। उसकी हालत और बिगड़ती चली गई। बृहस्पतिवार को परिवार वाले उसे बरेली के एक निजी अस्पताल ले आए। यहां शुक्रवार शाम करीब पांच बजे उसकी मौत हो गई।
उसकी मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। उसके पिता का कहना है कि विद्युत विभाग की लापरवाही रही। अगर हाईटेंशन लाइन नीचे की ओर न लटक रही होती तो उसकी बेटी की जान बच सकती थी। उन्होंने जेई सतीश चंद्र और लाइनमैन राजू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।