बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक आठ वर्षीय बालिका को कार से अगवाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पिता ने कार ड्राइवर के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए आरोपी ड्राइवर को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह मामला थाना क्षेत्र के एक गांव का है। एक परिवार के मुताबिक, 21 अक्तूबर को उनकी आठ वर्षीय बालिका घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान गांव का ही एक कार ड्राइवर उसे झूला झुलाने के बहाने कार से ले गया। परिवार वाले रात भर बालिका को खोजते रहे, लेकिन बालिका और ड्राइवर का कुछ पता नहीं चला। दूसरे दिन ड्राइवर बालिका को उनके घर पर छोड़कर भाग गया। आरोप है कि बालिका ने ड्राइवर पर उसके साथ दुष्कर्म करना बताया तो परिवार वाले उसे लेकर सिविल लाइंस थाने पहुंचे। उन्होंने ड्राइवर के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने कार नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता किया। पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था। शुक्रवार को कार का मालिक ड्राइवर को पकड़कर थाने ले आया और पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी। उधर, बताया जा रहा है कि ड्राइवर की बहन ने भी बालिका के पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों मामले फर्जी प्रतीत हो रहे हैं। उनके बीच मारपीट होने की जानकारी सामने आई है। इसकी जांच कराई जा रही है। उसके बाद कार्रवाई होगी।
यह दोनों मामले संदिग्ध हैं। बालिका और ड्राइवर की बहन स्वस्थ है। फिर भी दोनों मामलों की जांच कराई जा रही है। उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।
- आलोक मिश्रा, सीओ सिटी