बदायूं। बरेली-मथुरा हाईवे पर रविवार रात रोडवेज बस की टक्कर लगने से बाइक पर बैठी ढाई वर्षीय बच्ची जायरा की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता व उससे बड़ी बहन घायल हो गई। दंपती दोनों बेटियों के साथ होटल से खाना खाकर लौट रहे थे। घायलों को बरेली रेफर कर दिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाहर खां सराय निवासी आमिर की पत्नी आंचल आरा का रविवार को जन्मदिन था। इस खुशी में उन्होंने उझानी रोड स्थित एक होटल में छोटी सी पार्टी रखी थी। शाम को आमिर, उसकी पत्नी आंचल आरा, ढाई वर्षीय बेटी जायरा और छह वर्षीय बेटी जैनव खाना खाने होटल गए थे।
परिवार वालों के मुताबिक देर शाम वह खाना खाकर बाइक पर लौट रहे थे। उस वक्त वह हेलमेट नहीं लगाए थे।
उनकी बाइक खाटू श्याम मंदिर के नजदीक पहुंची थी। तभी एक रोडवेज बस की टक्कर लग गई।
हादसे के बाद ड्राइवर बस को दौड़ा ले गया। सूचना पर पहुंची पुलिस चारो लोगों को मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां डॉक्टर ने जायरा को मृत घोषित कर दिया। आमिर, आंचल आरा और जैनव को बरेली रेफर कर दिया गया है। सोमवार को पुलिस ने बच्ची जायरा के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। दंपती की हालत गंभीर बनी हुई है।
वाहन की टक्कर से युवक की गई जान
बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव हतसा निवासी 35 वर्षीय सूरज पुत्र मुरारीलाल रविवार रात सड़क किनारे अपने रिश्तेदार के चंदौसी से लौटने का इंतजार कर रहा था। तभी किसी वाहन की टक्कर लग गई, जिससे सूरज की मौत हो गई। सूरज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके चार बेटियां हैं। कोतवाली पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। संवाद
सड़क हादसे में घायल पत्नी ने भी दम तोड़ा
बदायूं। उझानी कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात बरायमय खेड़ा और लऊआ कठोली के बीच एक ट्रैक्टर ट्रॉली व कार में जोरदार टक्कर हो गई थी। इस हादसे में कार मालिक बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव परौली निवासी टिंकू उर्फ वेदप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसकी पत्नी रूबी और बेटा अंश घायल हो गया। रूबी को बरेली रेफर कर दिया गया था लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। सोमवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा दिया। ट्रैक्टर ड्राइवर का अभी पता नहीं चला है। पुलिस उसे तलाश कर रही है। संवाद