बिनावर (बदायूं)। थाना क्षेत्र में मिलक गौटिया गांव के नजदीक सोमवार शाम बरात में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदा डीजे झूलती हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे ट्रॉली पर सवार चार बराती झुलस गए। उनमें एक बराती को बरेली रेफर कर दिया गया है। तीन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा सोमवार शाम करीब सात बजे हुआ। उस वक्त कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव लाही फरीदपुर निवासी अरशद की बरात बिनावर क्षेत्र के गांव औरंगाबाद माफी जा रही थी। बरातियों के मुताबिक बरात में जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर डीजे लदा हुआ था। यह ट्रैक्टर-ट्रॉली थाना क्षेत्र के गांव मिलक गौटिया की मजार के नजदीक पहुंचा था। तभी अचानक काफी नीचे पर झूलते हाईटेंशन लाइन के तार डीजे से टकरा गए, जिससे डीजे में करंट उतर आया। उसके आसपास बैठे बराती इरशाद, अज्जाम, अनस और कासिम करंट की चपेट में आने से झुलस गए जबकि कई बराती ट्रॉली से कूद गए।
गनीमत रही कि हाईटेंशन लाइन डीजे से छूकर हट गई थी। इससे अन्य बराती चपेट में नहीं आए। इस हादसे के बाद बरातियों में खलबली मच गई। सूचना पर गांव के तमाम लोग पहुंच गए। वह तुरंत झुलसे बरातियों को जिला अस्पताल ले गए, जहां से कासिम को बरेली रेफर कर दिया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।