ककराला। अलापुर थाना क्षेत्र के गांव अलीनगला में ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर चार साल की बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को दौड़ाने की कोशिश की लेकिन ग्रामीणों ने घेरकर उसे पकड़ लिया। चालक को पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्राम अलीनगला निवासी चांद मियां की चार वर्षीय बेटी नामिया शनिवार शाम करीब पांच बजे अपने घर के बाहर सड़क किनारे खेल रही थी। उसके साथ मोहल्ले के कुछ और बच्चे भी खेल रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि उसी दौरान उनके गांव से ईंट लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रही थी। तभी अचानक बालिका कुछ उठाने के लिए भागी कि वह ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
तब तक गांव के कई लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे पड़ गए। कुछ लोगों ने उसका बाइक से पीछा किया और आगे जाकर उसे घेरकर रोक लिया। उसके चालक को पकड़ लिया। बालिका की मौत देखकर परिवार वाले उसके शव को लेकर सीधे ककराला पुलिस चौकी पहुंचे और हादसे के बाद बारे में पुलिस को जानकारी दी। बाद में पुलिस ने गांव जाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली अपने कब्जे में लिया। देर शाम तक चौकी पर परिवार वाले बैठे रहे। उन्होंने बालिका के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इससे पुलिस ने पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। देर शाम तक परिजनों ने चालक के खिलाफ तहरीर नहीं दी।