दिन में महज सात-आठ घंटे बिजली हो रही नसीब
नगर वासियों ने दी धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी
नगर में पिछले कई दिनों से रोस्टिंग के नाम पर अघोषित रूप से 10 से 14 घंटों की बिजली कटौती की जा रही है। इससे नगर की जनता काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। रात को बिजली के अभाव में मच्छर उन्हें चैन से सोने भी नहीं दे रहे है।
इन दिनों नगर में बिजली कटौती का इतना बुरा हाल है कि यहां पर उपभोक्ताओं को 24 घंटों में महज सात-आठ घंटे ही बिजली नसीब हो पा रही है। यहां देर रात तक बिजली गुल रहती है तो दिन में भी कई बार ट्रिपिंग होती रहती है। बिजली नियमित रुप से न मिल पाने के कारण यहां के उद्योग धंधों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा हैं। बावजूद इसके बिजली विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे पा रहा है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कंट्रोल रूम मुरादाबाद ने इन दिनों रोस्टिंग के नाम पर 10-14 घंटों की कटौती कर रहा है, जिसको लेकर उच्चाधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया है। मगर किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया है। वहीं उपभोक्ताओं में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इधर, युवा क्रांतिकारी छात्र संगठन के नगर अध्यक्ष शाहनवाज अल्वी ने कहा कि विभाग ने शीघ्र बिजली कटौती को बंद नहीं किया तो उनका संगठन आंदोलन को बाध्य होगा। जिसकी सारी जिम्मेदारी बिजली विभाग के अधिकारियों का होगी।