बदायूं। परिवहन निगम के महाप्रबंधक सत्यनारायण ने शनिवार को अधीनस्थ अधिकारियों के साथ वर्कशॉप और रोडवेज बस अड्डे का दौरा किया। दोनों स्थानों पर पेयजल व सफाई व्यवस्था देखी, लेकिन कहीं भी साफ सफाई नहीं मिली। बस अड्डे पर एआरएम कार्यालय के पीछे भारी दुर्गंध का सामना करना पड़ा। आरओ खराब मिला और दो नल सूखे मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए साफ सफाई के कड़े निर्देश दिए।
महाप्रबंधक सत्यनारायण सेवा प्रबंधक धनजी राम, एआरएम फाइनेंस श्रीराम अग्रवाल और सांख्यकी अधिकारी राजेश पाठक के साथ शनिवार सुबह करीब 11 बजे रोडवेज के वर्कशाॅप पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने यहां पेयजल व्यवस्था देखी। बताते हैं कि यहां दो नल लगे हैं और एक आरओ सिस्टम लगा है। फिलहाल सभी खराब हैं। यहां काम करने वाले कर्मचारी बाहर से पानी लाने को मजबूर हैं। साफ सफाई पर भी विशेष ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इस पर महाप्रबंधक ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सभी अधिकारियों को कई दिशा निर्देश भी दिए हैं। इस दौरान एआरएम धणेंद्र कुमार चौबे, स्टेशन इंचार्ज राजीव कुमार सक्सेना और अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
चालकों की भर्ती के दिए निर्देश
- परिवहन निगम में इस समय चालकों की कमी चल रही है। इससे और ज्यादा व्यवस्था खराब है। चालकों की कमी की वजह से करीब 40 बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। महाप्रबंधक ने जल्द से जल्द चालकों की भर्ती करने के निर्देश दिए हैं।