किला खेड़ा मोहल्ले में रविवार रात की घटना
पुलिस ने मौके पर जाकर की तहकीकात
मोहल्ला किलाखेड़ा निवासी व्यक्ति के घर में छत के रास्ते से घुसे चोर कमरे से संदूक उठा ले गए। खाली संदूक घर के समीप ही खंडहर में पड़ा मिला लेकिन उसमें रखे करीब एक लाख कीमत के जेवरात गायब थे। सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
घटना रविवार रात की है। किलाखेड़ा निवासी सलाउद्दीन के घर में उस वक्त परिवार के सभी सदस्य से रहे थे। सुबह में जाग हुई तो सलाउद्दीन का कमरा बाहर से बंद मिला। घरवालों ने कुंडी खोलकर देखी तो अंदर संदूक नजर नहीं आया। घरवाले संदूक को तलाश करते लेकिन उससे पहले ही पड़ोसी ने संदूक पड़ोस के एक खंडहर में पड़ा होने की सूचना दी। संदूक का देखते ही सलाउद्दीन के होश फाख्ता हो गए। बताया कि संदूक में करीब एक लाख रुपया कीमत के जेवरात थे।
चोरी गए जेवरात में सोने की झुमकी, अंगूठी, मंगलसूत्र और चांदी का सामान बताया गया है। सलाउद़्दीन के बेटे की शादी करीब चार महीना पहले हुई थी। चोरी गए जेवरात नव विवाहिता के थे। गृहस्वामी की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने शक के आधार पर दो युवकों से पूछताछ भी की, लेकिन उनसे सुराग नहीं मिल पाया। सलाउद़्दीन ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।