- शहर के सम्राट अशोक नगर में स्थित है कार पार्किंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। खाद्य विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारकर शहर के सम्राट अशोकनगर की एक कार पार्किंग में गैस रिफलिंग का धंधा पकड़ लिया। टीम ने मौके से एक कार, चार गैस सिलिंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद किया है। डीएम ने एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सम्राट अशोक नगर में एक कार पार्किंग में गैस रिफलिंग का धंधा चल रहा था। उन्हें एक दिन पहले सूचना मिली कि पार्किंग में गैस रिफलिंग की जा रही है। वह अपनी टीम और कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां एक कार में घरेलू सिलिंडर से गैस भरी जा रही थी। पार्किंग में चार सिलिंडर रखे थे। उन्होंने मौके से एक कार, चार सिलिंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा कब्जे में ले लिया।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने कार चालक और पार्किंग में रिफलिंग करने वाले के खिलाफ डीएम ने एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।