- दादी के साथ दवा लेने कादरचौक जा रही थी मासूम
- गंगापुर पुख्ता मोड़ पर हुआ हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गया चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
कादरचौक। थाना क्षेत्र के गंगापुर पुख्ता मोड़ पर में बृहस्पतिवार शाम चार बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर छह वर्षीय बालिका शशि की मौत हो गई। वह अपनी दादी के साथ दवा लेने कादरचौक जा रही थी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ले ली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गंगपुर पुख्ता निवासी धर्मेंद्र की छह वर्षीय पुत्री शशि अपनी दादी के साथ दवा लेने कादरचौक जा रही थी। उसे दो दिन से बुखार आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों अपने गांव से ही कादरचौक जाने के लिए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार हुईं थीं। ट्रैक्टर-ट्रॉली गांव के मोड़ पर पहुंची कि तभी बालिका ट्रैक्टर से गिर गई और ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इधर, बालिका के परिवार वालों का कहना है कि दादी-पोती गांव के बाहर सड़क पर खड़े होकर सवारी का इंतजार कर रहीं थीं, तभी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बच्ची को टक्कर मार दी, इससे उसकी मौत हो गई। थाना पुलिस ने बालिका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवार वालों ने अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
-
खाई में गिरी अनियंत्रित बाइक, मां-बेटे घायल
म्याऊ। अलापुर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर गड्ढा बचाने के चक्कर में बाइक खाई में जा गिरी, जिसमें मां-बेटे घायल हो गए। शाहजहांपुर जिले के परौर थाना क्षेत्र निवासी अवनीश और उसकी मां प्रकाश देवी बाइक पर बदायूं से अपने घर लौट रहे थे। बताते हैं कि अभियासा मोड़ के पास अचानक गड्ढा बचाने के चक्कर में उनकी बाइक असंतुलित होकर खाई में जा गिरी। इससे दोनों मां-बेटे घायल हो गए। काफी देर बाद एंबुलेंस पहुंची। तब कहीं उन्हें म्याऊ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। संवाद