कछला गंगाघाट समेत पूरे कस्बे के दिन बहुरने वाले हैं। गुरुवार को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में 51 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मंजूर किए गए हैं। इसमें गंगाघाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़े हाल, शौचालय और शवदाह गृह भी बनेंगे।
कछला नगर पंचायत बोर्ड की बैठक अध्यक्ष पुष्पा देवी लौनिया चौहान और ईओ ललतेश सक्सेना की मौजूदगी में शुरू हुई। बोर्ड की बैठक् में गंगाघाट को पर्यटक स्थल का रूप देने के लिए बोर्ड ने 51 करोड़ रुपये का प्रस्ताव अलग से मंजूर किया गया है। इसके तहत गंगाघाट पर यात्री शेड, बड़े हाल, स्नानगृह, चबूतरों वाले श्रद्धालु शेड, दाह संस्कार के लिए शवदाह गृह और वहां बैठने के लिए हॉल, गंगाघाट का सौंदर्यीकरण, घाट पर हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा अध्यक्ष ने कस्बे में पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सौ हैंडपंप लगवाने, नया पार्क बनवाने, पथ प्रकाश के लिए बिजली का सामान और सफाई व्यवस्था के लिए आधुनिक उपकरण खरीदने की योजना पेश की। जिसे बोर्ड ने मंजूरी दे दी। वहीं कार्यालय के लिए नवीन भवन का निर्माण, कसबे के सीमा क्षेत्र में सड़कों का निर्माण, पर्यटक आवास गृह का भी जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष के पति जगदीश सिंह, सदस्यों में राकेश कुमार, अमर सिंह, लक्ष्मी देवी, शांति देवी, शकुंतला देवी, दिनेश कुमार, आरसी शर्मा, संध्या देवी, प्रेमलता के साथ लिपिक राधेश्याम, नितिन सक्सेना आदि मौजूद थे।
कछला गंगाघाट के लिए चेयरमैन पुष्पादेवी से पिछले दिनों बातचीत हुई थी। चेयरमैन ने इसे लेकर अफसरों से बात की है। धनराशि मिलते ही विकास कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। घाट पर्यटक स्थल के रूप में नजर आएगा।
- ललतेश सक्सेना, अधिशासी अधिकारी, कछला नगर पंचायत।