गांधी ग्राउंड से सड़क पर पहुंचा संडे बाजार, लोग परेशान
काफी लंबे समय से गांधी ग्राउंड में लगने वाला संडे बाजार बीते दो रविवारों से गांधी ग्राउंड रोड पर लग रहा है। इससे दिन भर रोड जाम लगा रहता है। कार या अन्य वाहनों की तो बात छोड़िए, वहां से पैदल और बाइक से गुजरने में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को करीब 11 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक सड़क पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। वहीं इस सड़क पर स्थित अस्पतालों और मार्ट के सामने खड़ी होने वाली बाइकों ने राहगीरों की परेशानी को और बढ़ा दिया।
प्रत्येक रविवार को गांधी ग्राउंड में संडे बाजार लगता है। इसमें हजारों की संख्या में ग्राहक खरीदारी करते हैं। साथ ही करीब सौ दुकाने भी फुटपाथ पर सजती हैं। बीते संडे को रविवार का बाजार सड़क किनारे फुटपाथ पर लगा। वहीं ग्राहकों की भीड़ ने सड़क को घेर लिया। इससे लोगों का निकलना दूभर हो गया। इधर से गुजरने वाले लोग दिन भर जाम में फंसते रहे, लेकिन पुलिस कर्मियों ने भी संडे बाजार का जाम खुलवाने की जहमत नहीं उठाई। साथ ही नगर पालिका परिषद के अंडर में लगने वाले इस बाजार पर पालिका कर्मियों ने भी कोई ध्यान नहीं दिया।
-----
बीते रविवार को होली मिलन के लिए गांधी ग्राउंड मैदान की बुकिंग की गई थी। इस वजह से बाहर संडे बाजार लगा था। इस बार ऐसा क्यों हुआ इस बारे में कोई स्पष्ठ जानकारी नहीं है।
-ललतेश सक्सेना, ईओ, नगर पालिका परिषद