बदायूं। मध्यान्ह भोजन योजना के तहत अतिरिक्त पोषण तत्व को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में अब परिषदीय स्कूल के छात्र-छात्राओं को ठंड के मौसम में गजक खाने को मिलेगी। इसको लेकर प्रत्येक दिवस पांच रुपये प्रति छात्र-छात्रा के हिसाब से पेमेंट किया जाएगा। हालांकि यह योजना नवंबर 2024 से मार्च 2025 तक के लिए संचालित की जाएगी।
प्रदेश सरकार ने मध्यान्ह भोजन योजना में पोषण की मात्रा को बढ़ाने निर्णय लिया है। स्कूल शिक्षा महानिदेशक कंचन वर्मा ने आदेश जारी किया है। इसके तहत जिले के सभी परिषदीय स्कूलों के बच्चों के लिए सप्ताह में एक दिन बृहस्पतिवार को पांच रुपये प्रति छात्र सप्लीमेंट्री न्यूट्रीशन उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि अभी यह योजना नवंबर 2024 से शुरू होगी।
स्थानीय स्तर पर उपलब्धता के आधार पर मूंगफली की चिक्की या गुड़-तिल व मूंगफली की गजक या रामदाना का लड्डू, बाजरे का लड्डू इत्यादि (प्रति छात्र-छात्राएं न्यूनतम 20 ग्राम) अथवा भुना चना (प्रति छात्र-छात्रा न्यूनतम 50 ग्राम) वितरित किया जाएगा। अगर बृहस्पतिवार को किसी कारणवश विद्यालयों का अवकाश है, ऐसे में यह वितरण अगले दिन विद्यालय के खुलने पर किया जाएगा।इस संबंध में बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शासन से मिले आदेश को बीईओ के माध्यम से शिक्षकों तक पहुंचा दिया है। संवाद