बदायूं के बिल्सी रोड स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में बन रहा तिमंजिला हाल। संवाद
बदायूं। बिल्सी रोड पर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए बन रहे तिमंजिला हॉल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसका निर्माण जनवरी 2026 तक पूरा हो जाएगा। हॉल बनने के बाद स्टेडियम में तीन खेलों की सुविधाएं बढ़ जाएंगी।
नए हॉल में कबड्डी, कुश्ती और आधुनिक जिम की व्यवस्था की गई है। इससे खिलाड़ियों को एक ही छत के नीचे बेहतर अभ्यास की सुविधा मिल सकेगी। अब तक कबड्डी और कुश्ती के खिलाड़ियों को अभ्यास करने के लिए कोई जगह नहीं थी। न ही इन खेलों के खिलाड़ी स्टेडियम में अभ्यास कर रहे थे। हॉल बनने के बाद स्टेडियम में इन खेलों की सुविधाएं बढ़ जाएंगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया ने बताया कि हॉल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। शेष कार्य जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। हॉल में खिलाड़ियों के लिए मैट, लाइट और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में तीन खेलों की सुविधाएं बढ़ने से जिले के खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा।
कबड्डी के लिए स्थायी मैट लगने से राष्ट्रीय स्तर की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों को मदद मिलेगी। वहीं कुश्ती के पहलवानों के लिए भी आधुनिक सुविधायुक्त अखाड़ा तैयार होगा। जिम हॉल में अत्याधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे, जिससे सभी खेलों के खिलाड़ी अपनी फिटनेस पर ध्यान दे सकेंगे।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि कबड्डी के कोच का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, उसे विभाग को भेजा जाएगा। इस हॉल के बनने से जिले के खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।