उझानी बाजार में जाम में फंसे वाहन। संवाद
उझानी। मुख्य बाजार की सड़क चौड़ी करने के लिए खोदकर छोड़े गए फुटपाथ राहगीरों की परेशानी की वजह बने हुए हैं। मंगलवार पूर्वाह्न में ई-रिक्शा समेत कार की आवाजाही बढ़ने पर हलवाई चौक मोड़ के पास जाम लग गया। जाम में फंसे वाहनों के बीच से होकर निकलने में बाइक सवारों का भी पसीना छूट गया।
मुख्य बाजार में जाम लगने का मुख्य प्वाइंट बने हलवाई चौक मोड़ पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी रहती है, लेकिन ई-रिक्शा वाले अक्सर जाम की वजह बन जाते हैं। बीते दिनों पीडब्ल्यूडी ने मुख्य बाजार की सड़क को चौड़ा करने के लिए काम शुरू कराया था। ठेकेदार ने फुटपाथ खोदकर छोड़ दिया। जल निगम की पाइपलाइन पड़ने के बाद हालात और ज्यादा खराब हो गए।
सोमवार को जाम में फंसे ई- रिक्शा चालक नईम ने बताया कि दिक्कत अतिक्रमण और फुटपाथ खोदकर छोड़ देने से हो रही है। उन्हें भी सवारियों को गली-मोहल्लों और बाजार के रास्ते गंतव्य तक पहुंचाना होता है, अगर सड़क चौड़ीकरण का काम बाजार में जल्द पूरा हो जाए तो अतिक्रमण से निजात मिल सकती है। जाम भी नहीं लगेगा।
बता दें कि हलवाई चौक मोड़ के अलावा पुरानी अनाज मंडी मोड़, घंटाघर चौराहा और सब्जी मंडी के आसपास भी अतिक्रमण होने की वजह से जाम लग जाता है। मंगलवार और शनिवार को को ज्यादा दिक्कत होती है।
मंडी समिति के पास लगा रफ्तार पर ब्रेक
कृषि उत्पादन मंडी समिति के सामने बरेली- मथुरा हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब आठ बजे मक्का लदी ट्रैक्टर- ट्रॉलियों के बेतरतीब खड़े होने से रोडवेज बसों और भारी वाहनों की रफ्तार पर दो- तीन बार ब्रेक लग गया। मंडी के आसपास भी एनएचएआई की देखरेख में सड़क के उच्चीकरण का काम चल रहा है, जबकि मंडी में मक्का की आवक तेजी से बनी हुई है। इसके चलते भारी वाहनों को मंडी के सामने से धीरे-धीरे निकलना पड़ा।