बदायूं। संभल में हुई हिंसा के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज पर जिले की पुलिस अलर्ट रही। शुक्रवार को शहर से लेकर देहात तक पुलिस मौजूद रही। ड्रोन के माध्यम से पुलिस मस्जिदों के आसपास क्षेत्रों में निगरानी करती रही। शहर में एसएसपी ने पैदल मार्च भी किया।
संभल की शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज पर प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया गया। इसको लेकर बदायूं की पुलिस भी सतर्क रही। अधिकारियों ने नमाज से पहले ही मौलानाओं और जिम्मेदार लोगों से बात की और उनसे अपील की कि नमाज शांति पूर्ण तरीके से अदा करें।
उधर, एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया। शहर की जामा मस्जिद के आसपास बड़ी संख्या पुलिस बल तैनात रहा। दोपहर में मस्जिदों में पुलिस की मौजूदगी में नमाज अदा कराई गई। इस दौरान ड्रोन के माध्यम से पुलिस मस्जिदों के आसपास के क्षेत्र की निगरानी करती रही।
ड्रोन से हुई निगरानी तो लोगों में मची खलबली
लोग नमाज पढ़ने के लिए पहुंचे तो उन्होंने मस्जिदों के आसपास ड्रोन उड़ते देखे। इससे उनमें खलबली मच गई। हालांकि पुलिस उनसे लगातार कह रही थी कि आप लोग परेशान न हों। सतर्कता के लिए ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
बिल्सी में भी अलर्ट रहा प्रशासन
बिल्सी। नगर और क्षेत्र की मस्जिदों के आसपास प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस तैनात रही। सीओ उमेश चंद्र एवं तहसीलदार राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि संभल की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट रहा। सभी जगह शांतिपूर्वक ढंग से नमाज अदा की गई। संवाद
बिल्सी में मजिस्दों के पास तैनात पुलिस और अधिकारी। संवाद
बिल्सी में मजिस्दों के पास तैनात पुलिस और अधिकारी। संवाद