उझानी। एनजीओ से जुड़ी दो फाइनेंस कंपनियों में फर्जी दस्तावेज लगाकर महिलाओं समेत तीन लोगों ने लाखों रुपये का चूना लगा दिया। कोर्ट के आदेश पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव भकौरा निवासी मनोज पुत्र स्व. रक्षपाल की ओर दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि उनकी पत्नी ममता दातागंज क्षेत्र के गांव झुकसा में रहती है। उझानी में संचालित एनजीओ से जुड़ी फाइनेंस कंपनी फ्यूजन कंपनी और एलएनटी कंपनी से अवैध रूप से धन निकाला गया है।
आरोप है कि कंपनियों में ममता के आधारकार्ड में उन्हीं के गांव की गीता पत्नी सचिन और ममता के पिता श्रीराम आधारकार्ड में सचिन पुत्र रिसाल का फोटो लगाकर धोखाधड़ी की गई है। आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपियों ने मनोज के साथ गाली गलौज और मारपीट की।
रिपोर्ट में हालांकि धोखाधड़ी की रकम का जिक्र नहीं किया गया, लेकिन रुपये लाखों में बताए जा रहे हैं। आरोप है कि मनोज की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उन्हें कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आधारकार्ड में फर्जी फोटो लगाकर रुपये निकालने का मामला है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।