बदायूं। जिले के एक और व्यक्ति से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पीलीभीत के एक व्यक्ति ने युवक से ग्राम विकास अधिकारी की नौकरी दिलाने के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये ठग लिए। इसमें पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव सादपुर निवासी इंद्रपाल सिंह के मुताबिक वह ग्राम विकास अधिकारी की नौकरी के लिए तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसकी पीलीभीत जिले के पूरनपुर थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी विमलेश से मुलाकात हुई। विमलेश ने उसे बताया कि सरकार में उसकी अच्छी पकड़ है। वह उसकी नौकरी लगवा देगा। उसने नौकरी दिलवाने का झांसा देकर उससे साढ़े तीन लाख रुपये ले लिए।
इसके बाद वह आज-कल करके टहलाता रहा। समय निकल गया तो उसने अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन उसने रुपये नहीं लौटाये। तमाम कोशिश के बावजूद जब उसने रुपये नहीं दिए तो इंद्रपाल सिंह कोतवाली पहुंचा और आरोपी विमलेश के खिलाफ उसने तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने बुधवार को रिपोर्ट दर्ज की है।