दवा कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर 50 से ज्यादा युवाओं से ठगी कर ली गई। युवाओं से रजिस्ट्रेशन के नाम पर दो-दो हजार रुपये वसूले गए। हालांकि, इन युवाओं से एक दवा कंपनी की दवाओं का तीन महीने तक प्रचार भी कराया गया, लेकिन इसके एवज में किसी को मेहनताना नहीं दिया गया।
शहर के मोहल्ला फरशोरी टोला के एक व्यक्ति ने चार महीने पहले दवा कंपनी में नौकरी का इश्तहार जारी किया था। बेरोजगार युवा उसके झांसे में आ गए। युवाओं से रजिस्ट्रेशन के नाम पर दो-दो हजार रुपये वसूले गए। बाद में युवाओं से एक दवा कंपनी के प्रचार के साथ उसके प्रोडक्ट की बिक्री भी कराई गई। तीन महीने तक वेतन के रूप में इनको कुछ नहीं मिला। जब युवाओं ने वेतन का दबाव बनाया तो कंपनी के लोग ऑफिस बंद करके फरार हो गए। ठगी का शिकार ज्यादातर बेरोजगार उसहैत कस्बे के निवासी हैं। सोमवार को इन सभी ने पूरे मामले की एएपी सिटी से शिकायत कर ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ये लोग हुए ठगी का शिकार
मोहम्मद इमरान अहमद, हशरत, शाहिद, अरविंद, जितेंद्र, आमेंद्र, श्यामवीर, रामवीर, राजकुमार, आशीष, आतिफ, गौरव कुमार, मुजम्मिल, मुजीव, शाकिर, मुजाहिद, शाहिद अली, जाकिर, जाहिद, शकूर, भंवरपाल, मोहित, नेत्रपाल, सुनीता, चांद मोहम्मद, कौशर अली, रिजवान, फुरकान, विपिन, सतेंद्र, राकेश, सुखवीर, अनिल, सत्यपाल, सचिन
मामला जानकारी में आया है। पड़ताल कराई जा रही है। ठगी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।-अनिल कुमार यादव, एसपी सिटी