उसहैत। मौसी के घर आया एक बालक किसी तरह छत पर खेलते समय नीचे आ गिरा। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। परिवारी जनों ने बिना पुलिस को जानकारी दिए ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
कोतवाली उझानी के गांव मुस्करा गांव निवासी एक दंपती अपने चार साल के बालक के साथ मेहमानी में थाना क्षेत्र के गांव भुंडी आए थे। यहां उनके बच्चे की मौसी का घर है। यहां आने के बाद बच्चों के साथ खेल-खेल में वह छत पर चढ़ गया। किसी तरह बालक गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार के लोगों ने जब उसे छत से गिरा देखा तो सब दौड़ते हुए उसके पास गए। घायल होने के साथ ही बच्चा अचेत हो गया था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस सूचना के ही बच्चे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मेहमानी में आए बच्चे की मौत के कारण दोनों परिवार में शोक का माहौल है।