बदायूं। बिसौली-आंवला रोड पर शुक्रवार रात 10 बजे बाइक सवार चार लोगों की हादसे में मौत हो गई। मरने वाले आंवला थाने के गांव ढिलवारी के रहने वाले हैं। सभी आंवला से अंबियापुर जा रहे थे। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
बरेली के थाना आंवला के गांव ढिलवारी निवासी नरेश की बेटी पूजा बिसौली के गांव अंबियापुर में ब्याही हैं। शुक्रवार को पूजा के घर पर दावत का कार्यक्रम था। नरेश (45) पुत्र कालीचरण अपनी छोटी बेटी आठ वर्षीय नंदिनी, गांव निवासी अपने मित्र मेहरबान (42) पुत्र लटूरी और नरेश (44) पुत्र हुलासी के साथ एक ही बाइक से पूजा के घर अंबियापुर जा रहे थे। रात करीब 10 बजे आंवला-बिसौली रोड पर गांव धर्मपुर बिहारीपुर के पास पहुंचे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंद दिया। गंभीर घायल अवस्था में चारों लोग काफी देर वहां पड़े रहे। बाद में एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इनको स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां नरेश पुत्र कालीचरण और मेहरबान को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर हालत में नंदिनी और नरेश पुत्र हुलासी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जिला अस्पताल में इनकी भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा कार से हुआ। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।