बदायूं। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में मासूम समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसों के बाद होली का त्योहार मातम में बदल गया।
बुधवार को मूसाझाग थाना क्षेत्र के सराय मोड़ पर महताबपुरा गांव के विश्वनाथ अपने दोस्त बबलू के साथ बाइक से रिश्तेदार के यहां होली मिलने जा रहे थे। सराय मोड़ पर अचानक ब्रेक लगाने पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों दोस्त गंभीर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने विश्वनाथ को मृत घोषित कर दिया। घायल बबलू का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बाइक से टकराकर महिला की मौत, युवक घायल
कुंवरगांव। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव पड़ौलिया के पास बाइक से टकराकर महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। बुधवार रात कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव पड़ौलिया के पास 60 वर्षीय चमेली देवी सड़क पार कर रही थी। इस दौरान बाइक से टकरा गईं। हादसे में चमेली देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संवाद
बस से टकराकर बाइक सवार की जान गई
अलापुर। थाना क्षेत्र के गांव उनौला निवासी सर्वेश अपने पिता की दुकान पर सखानू जा रहे थे। इस दौरान खरखोली गांव के पास बदायूं की ओर से जा रही प्राइवेट बस से बाइक टकरा गई। हादसे में वह गंभीर घायल हो गए। परिजन घायल को इलाज के लिए बरेली ले गए। बुधवार देर रात सर्वेश की इलाज के दौरान मौत हो गई। संवाद
ई-रिक्शा की टक्कर से मासूम की मौत
बिसौली। थाना क्षेत्र के गांव अजनावर में गांव निवासी खुशीराम का पांच वर्षीय पुत्र इंद्रजीत और बबलू का सात वर्षीय पुत्र अंकित घर के सामने खेल रहे थे। इस दौरान ई रिक्शा ने दोनों बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में इंद्रजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंकित गंभीर घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संवाद