उझानी। बरेली-मथुरा हाईवे और दिल्ली रोड पर दो हादसों में बाइक सवार दंपती समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पहला हादसा दिल्ली रोड पर गांव तिगोड़ा के पास सुबह नौ बजे हुआ। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव चकोअर निवासी अनोखे लाल की बेटी सहसवान के गांव ज्वालापुर में ब्याही है। बेटी-दामाद से मिलने केे लिए अनोखे (45) बाइक से पत्नी कलावती (43) के साथ निकले। पीछे से उन्हें कार ने रौंद दिया। हादसे में दोनों लहूलुहान हो गए। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार कराया गया। बाद में मुजरिया थाना पुलिस ने कार कब्जे में ले ली।
इसके अलावा बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव बुटला के पास पूर्वाह्न में सहसवान क्षेत्र के गांव रेलई निवासी भुवनेश कुमार (32) और देवरमई पूर्वी निवासी शीलेंद्र कुमार (26) की बाइकें आमने-सामने से टकरा गईं। शीलेंद्र और भुवनेश घायल हो गए। शीलेंद्र की हालत नाजुक बताते हुए परिजन मेडिकल कॉलेज ले गए। शीलेंद्र को परिजन आगरा ले गए हैं। वह अपनी ससुराल में देवरमई में रहते हैं। बाइक सवार कोई भी हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने दोनों बाइकें कब्जे में ले ली हैं।