उझानी। मिट्टी भरे डंपर ने सामने से आ रही कार को रौंद दिया। हादसे में कार सवार दंपती समेत चार लोग घायल हो गए। दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो जाने से हाईवे पर जाम लग गया। करीब आधा घंटे तक लगे जाम में कई वाहन फंस गए।
हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे बरेली-मथुरा हाईवे पर बांके बिहारी कन्या महाविद्यालय के पास हुआ। उसावां थाना क्षेत्र के गांव नवीगंज गौंतरा निवासी सत्यपाल के परिवार के लोग कोतवाली क्षेत्र में मिहौना निवासी एक रिश्तेदार के घर दावत में गए थे। कार से घर लौटते समय सामने से मिट्टी लदे डंपर ने कार रौंदी दी।
हादसे में कार सवार सत्यपाल (50) पुत्र बच्चू, उनके छोटे भाई ज्ञानपाल (40), भतीजे पुष्पपाल (28) और उनकी पत्नी आरती (27) घायल हो गए। कार चालक के भी चोट आई है, लेकिन वह मौके से चला गया। उधर, डंपर छोड़कर चालक और हेल्पर भी भाग गए।
आमने-सामने की टक्कर में डंपर और कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घायल पुष्पपाल ने बताया कि हादसा बीच सड़क पर हुआ, सो दोनों ओर से अन्य वाहनों को निकलने का मौका नहीं मिल पाया। सत्यपाल कार किराये पर बुक करके लाए थे। सूचना के बाद पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहन सड़क किनारे खड़े करवाकर आवागमन सुचारू कराया। करीब आधा घंटे तक कई वाहन जाम में फंसे रहे। पुलिस ने दंपती समेत चारों घायलों का अस्पताल लाकर प्राथमिक उपचार कराया। गंभीर रूप से घायल ज्ञानपाल का राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हाईवे चौड़ीेकरण की वजह से बंद है एक लेन
बरेली-मथुरा हाईवे पर डंपर और कार की आमने-सामने जिस स्थान पर भिड़ंत हुई, उसके पास ही एक लेन पर सड़क के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसी वजह से हाईवे की एक लेन करीब तीन किलोमीटर इलाके में बंद कर दी गई है। एक ही लेन पर दोनों ओर के वाहन निकलते हैं। चश्मदीद जितेंद्र ने बताया कि निर्माण कार्य की वजह से इलाके में धूल के गुबार भी उड़ते हैं। ऐसे में चालकों को ज्यादा दूर तक साफ नजर नहीं आता।
डंपर से बचते हुए कार खाई में गिरी, आठ लोग बाल-बाल बचे
बिनावर। बरेली से बदायूं की ओर आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो कार गांव बरखेड़ा स्थित शनि मंदिर के पास विपरीत दिशा से आ रहे डंपर से बचते हुए अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में कार सवार सभी आठ लोग बाल–बाल बच गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, कार की रफ्तार बहुत तेज थी।
बिनावर बाइपास पर निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान डंपर व अन्य भारी वाहन भी अक्सर गलत साइड से गुजरते रहते हैं। कार चालक ने भी गलत साइड से आ रहे डंपर से बचने के लिए तेज ब्रेक लगाए। इससे संतुलन बिगड़ गया और कार खाई में जा गिरी।
कार में सवार रिजवान, जमी़ल सहित आठ लोग बरेली जिले के थाना भमोरा क्षेत्र के गांव सिरोही के रहने वाले हैं। सभी लोग अपने गांव सिरोही से थाना बिनावर क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर जा रहे थे। सूचना मिलते ही पहुंची थाना बिनावर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में बैठे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने कार को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया। संवाद
हादसे के बाद खाई में गिरी बोलेरो। स्रोत- सोशल मीडिया
हादसे के बाद खाई में गिरी बोलेरो। स्रोत- सोशल मीडिया