शुक्रवार को विकास भवन के सभाकक्ष में मासिक समीक्षा बैठक में प्रभारी डीएम प्रताप सिंह भदौरिया ने बदायूं-बरेली फोरलेन के निर्माण को नवंबर तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। राजीव गंाधी विद्युतीकरण योजना की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। पेस पावर के अधिकारियों को निर्देशित किया कि चालू माह के अंत तक लोहिया ग्रामों में विद्युतीकरण का कार्य पूरा करा दिया जाए। यूनीफार्म वितरण, पंजीकृत श्रमिकों का लक्ष्य, अंधता निवारण, जननी सुरक्षा योजना में प्रदेश स्तर से पीछे पाए जाने पर नाराजगी जताई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को निर्देशित किया कि आगंनबाडी केंद्रों और सरकारी स्कूलों में पढने वाले शतप्रतिशत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। इससे पूर्व उन्होंने पोषण मिशन कार्यक्रम अंतर्गत गोद लिए गए गावों में चिह्नित कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने गांव में नियमित रूप से भ्रमण करें। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेंद्र प्रसाद यादव, डीआरडीए के परियोजना निदेशक रामरक्षपाल, डीडीओ प्रदीप कुमार सोम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।