उझानी में जिरौली मोड़ के पास पलटी पड़ी कांवड़ियों की डीजे लगी ट्रैक्टर- ट्रॉली को देखते लोग।
उझानी। बरेली-मथुरा हाईवे पर डीजे लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार कांवड़िये घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल कांवड़ियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के कारण करीब आधा घंटे कछला मार्ग पर एक तरफ का आवागमन प्रभावित रहा।
हादसा बृहस्पतिवार अपराह्न करीब तीन बजे जिरौली मोड़ के पास हुआ। अलापुर निवासी कांवड़ियों की टोली कछला गंगाघाट आ रही थी। ट्रैक्टर पर डीजे लगा हुआ था। बताते हैं कि शोरगुल में चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रैक्टर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। ट्रॉली पर सवार रामचरन (45), रामू (61), सुखवीर (10) पुत्र देशराज और संजू (11) पुत्र सोबरन घायल हो गए।
राहगीरों ने ट्रॉली की चपेट में आए घायलों को बाहर निकाला। फोन कर पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया। पुलिस ने घायल कांवड़ियों को एंबुलेंस के जरिये जिला अस्पताल पहुंचाया। सड़क पर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली की वजह से एक साइड के वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हो गया। बाद में क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर से हटवाया गया। गनीमत रही कि कांवड़ियों के ऊपर डीजे सिस्टम नहीं गिरा, नहीं तो कांवड़ियों की जान पर बन आती। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराके घायल कांवड़ियों को परिजन अपने साथ घर ले गए।