कुंवरगांव। मडिया-भांसी मार्ग पर मंदिर के सामने बुधवार को स्कूल वैन और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक और वैन में सवार दो छात्र घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
थाना क्षेत्र के दरावनगर गांव निवासी दानिश पुत्र अजीज और शिवम पुत्र दुर्गपाल बाइक से कस्बे की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूल वैन से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। वैन में सवार अहरुइया निवासी छात्र प्रेम (5) पुत्र बुधपाल और रुद्र (4) पुत्र जगतपाल घायल हो गए। दोनों विद्यालय से घर लौट रहे थे।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों छात्रों को घर भेज दिया गया। वहीं बाइक चला रहे शिवम के दाएं हाथ और पैर में फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि पीछे बैठे दानिश के दाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। चिकित्सकों ने दोनों के प्लास्टर कर उन्हें घर भेज दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस क्षतिग्रस्त बाइक को थाने ले आई। एएसपी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाइक थाने लाई गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद