बदायूं। सहसवान क्षेत्र के एक गांव में बिजली पोल पर उतरे करंट की चपेट में आकर चार भैंसों की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार दोपहर क्षेत्र के गांव शुकरुल्लापुर से सिरकी दम्मू जाने वाले मार्ग पर मंदिर के पास हुआ। मंदिर के पास हाईटेंशन लाइन के विद्युत पोल पर करंट उतर आया। विद्युत पोल के नीचे पानी भरा हुआ था।
जंगल में चरने गई गांव शुकरुल्लापुर निवासी कृपाल और राजकुमार की चार भैंसें उसकी चपेट में आ गईं। उनकी मौके पर ही तड़पकर मौत हो गई। एक साथ चार भैंसों की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत निगम के खिलाफ आक्रोश है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए विद्युत निगम से मुआवजा मांगा है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता सतेंद्र गौतम ने बताया कि मामले को दिखाएंगे, जो उचित कार्रवाई होगी, उसे कराएंगे। संवाद