बदायूं। जमीन दिलाने के नाम पर दोस्त ने ही दोस्त के साथ धोखाधड़ी कर 40 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित शामली का रहने वाला है। पीड़ित ने थाना पुलिस को शिकायती पत्र दिया लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। अब एसएसपी के आदेश पर सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
जिला शामली के गांव हिरनवाड़ा के रहने वाले धारा सिंह ने बताया कि बरेली के फतेहगंज निवासी सुधीर कुमार पाल से उसकी जान पहचान थी। सुधीर ने बताया कि दातागंज तहसील में उपजाऊ जमीन मेन रोड के पास बिकाऊ है, जिसे उसके परिचित अजय कुमार, अंकित गुप्ता, कृष्णपाल दिलवा देंगे।
बातों पर भरोसा कर, उसके साथ वह आया तो दातागंज तिराहे पर अजय कुमार, अंकित गुप्ता व कृष्णपाल मिले। जमीन दिखाने कई गावों में ले गए। सभी के कहने पर कृष्ण पाल मौर्य को 21 लाख रुपये नकद दे दिए गए। इसी तरह 40 लाख रुपये लेने के बाद न तो जमीन मिली और न रुपये ही मिल सके। पुलिस ने सुधीर, अजय, अंकित, कृष्णपाल, प्रमोद कुमार, विनोद कुमार व ममता गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
जमीन का लालच देकर दस लाख ठगे, रिपोर्ट दर्ज
बदायूं। बरेली के फरीदपुर के कस्बा डांडा निवासी मोहम्मद शोएब पुत्र अमीर अहमद ने बताया कि बिनावर थाना क्षेत्र के गांव बरीसमसपुर निवासी रिजवान अहमद पुत्र मुशैतिर अली, सगीर अहमद अपने साथी मोहम्मद रेहान व अन्य लोगों के साथ एक गिरोह चलाता है। इनका काम लोगों को जमीन के नाम पर ठगी करना है। बताया कि उसे फैक्टरी लगाने लिए जमीन की जरूरत थी। रिजवान ने जमीन दिखाकर दस लाख रुपये ठग लिए। अब न जमीन मिली और न ही रुपये। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद
माइक्रोफाइनेंस के कर्मचारियों पर गबन का आरोप, दो पर रिपोर्ट दर्ज
बदायूं। माइक्रोफाइनेंस की शाखा बदायूं में तैनात कर्मचारी पिंटू यादव व सोमेंद्र ने कंपनी की धनराशि जालसाजी करके गबन कर ली। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हापुड जिले के थाना सिंभावली के गांव खागोई निवासी राहुल ने बताया कि वह सत्या माइक्रो कैपिटल लिमिटेड कंपनी की शाखा-बदायू नगर में रीजनल मैनेजर के पद पर है। शाखा पर शाहजहांपुर के थाना कलान के गांव राफियाबाद निवासी पिंटू यादव पुत्र लवलेश 25 सितंबर 2023 से कार्य कर रहा था। इसी शाखा पर दातागंज थाना क्षेत्र के गांव चापरकोरा निवासी सोमेंद्र पुत्र झब्बू सिंह 23 सितंबर 2024 से काम करता आ रहा था। पिंटू यादव ने कंपनी के लगभग 500 सदस्यों को लोन वितरण किया था। पिंटू यादव उनकी किस्तें वसूलने के लिए जिम्मेदार था।
21 जून 2024 को पिंटू यादव कंपनी का कुल 3,40,546 रुपये लेकर भाग गया। इसमें उसका साथ सोमेंद्र यादव भी देता था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। संवाद