2022 के विधानसभा चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन का केस हुआ था दर्ज
सपा प्रत्याशी हाजी रईस के कार्यक्रम में आशा वर्कर व शिक्षा मित्र बुलाने का मामला
सूचना पर एसडीएम सुखलाल प्रसाद ने कराई थी कार्रवाई, 37 लोगों पर दर्ज हुई थी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में फंसे बदायूं के पूर्व सांसद व आजमगढ़ से सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव शनिवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए। पेशी के बाद वह कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। इस मुकदमे में उनके अलावा विधानसभा चुनाव के सपा प्रत्याशी हाजी रईस अहमद, आशा वर्कर और शिक्षा मित्र समेत 37 लोग हैं। वर्ष 2023 में सभी के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट के बाद मामला ट्रायल पर है। पूर्व सांसद के कोर्ट में बयान दर्ज हुए। अगली तारीख 4 अप्रैल 2024 नियत की गई है।
2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर रहे सदर एसडीएम सुखलाल प्रसाद वर्मा ने 3 फरवरी 2022 को सिविल लाइंस कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि सदर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी हाजी रईस अहमद, पूर्व सपा सांसद धर्मेंद्र यादव, फखरे अहमद शोबी ने गांव पड़ौआ के पास बुधवाई रोड पर पूनम बारात घर में बगैर किसी निर्वाचन अधिकारी की अनुमति के सभा की। इसमें काफी संख्या में शिक्षामित्रों और अनुदेशकों ने हिस्सा लिया था। ये लोग राज्य सरकार शासकीय धन से मानदेय लेते हैं। लिखा गया था कि कोई भी नियमित और संविदा या मानदेय पर कार्यरत कर्मचारी निर्वाचन के प्रत्याशियों के साथ बैठक या सीधे निर्वाचन में राजनीतिक व्यक्तियों की सभाओं और राजनीतिक पार्टियों के साथ आदर्श आचार संहिता लगी होने के दौरान शामिल नहीं हो सकता। इस आधार पर पूर्व सांसद धर्मेंद्र, प्रत्याशी रईस अहमद समेत 37 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। नबंवर 2023 में पुलिस ने पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव समेत 37 लोगों के खिलाफ बदायूं की एमपीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी। तब से कोर्ट में मामला विचाराधीन है।
ये थे नामजद
मुकदमे में पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, सपा नेता एवं पूर्व प्रत्याशी रईस अहमद, फखरे अहमद शोबी, रंजीत यादव, सतेंद्र पाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, शैलेंद्र कुमार राजपूत, जितेंद्र शर्मा, आनंद मौर्य, आनंद मौर्य, फिरोज, चरण सिंह , ऐल्का सिंह यादव, रामवीर सिंह, मुनेंद्र पाल सिंह, विनोद राठौर, दिनेश चौधरी, अवनीत सक्सेना, फूलमती बानो, राजीव कुमार सिंह, सतीश चंद्र, रवेंद्र कुमार यादव, मनोज कश्यप, अनेक पाल यादव, राम बलराम, ब्रजलाल शाक्य, बाबू सिंह, सुनील यादव, अजमत अली को नामजद हुए थे। सभी के खिलाफ चुनाव संहिता उल्लंघन, महामारी अधिनियम, आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा लगाई गई थी। इन्हीं धाराओं पर सभी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई।