गैस एजेंसी पर दो पक्षों के बीच हुए विवाद का मामला
पूर्व विधायक मुस्लिम खां के भाई नदीम खां और ककराला गैस एजेंसी के संचालक मुईनउद्दीन को बुधवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। इन दोनों लोगों पर कातिलाना हमले का आरोप है। एहतियात के तौर पर दोनों को सिविल लाइंस थाने में रखा गया था।
मंगलवार को ककराला गैस एजेंसी संचालक मुईनउद्दीन का वार्ड नंबर छह निवासी इंतखाब से विवाद हो गया था। इंतखाब की ओर से कातिलाना हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसमें पूर्व विधायक मुस्लिम खां, उनके भाई नदीम खां, मतीन खां और बेटे गिलाज को नामजद किया गया था। पुलिस ने नदीम खां और मुईन को गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार को दोनों को जेल भेज दिया गया।
वहीं इस मामले में मुईनउद्दीन की ओर से आरोप लगाया गया था कि इंतखाब पक्ष के लोगों ने एजेंसी के दफ्तर में तोड़फोड़ की और 50 हजार रुपये लूट लिए। मुईन की तहरीर पर पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
-----
गैर एजेंसी संचालक की ओर से भी तहरीर आई है। इसकी पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी रिपोर्ट दर्ज मामले में कार्रवाई की गई है।
-अनिल यादव, एसपी सिटी