बदायूं। सर्दी शुरू होते ही गोशालाओं में रह रहे गोवंशों को ठंड से बचाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सीडीओ की ओर सभी गोशालाओं में ठंड से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। टिन शेड के चारों ओर तिरपाल लगाए जा रहे हैं, ताकि ठंडी हवा सीधे अंदर न जा सके। प्रत्येक गोवंश को ठंड से बचाने के लिए झूल उपलब्ध कराई जाएगी।
जिले में इस समय 189 गोशालाएं संचालित हैं। इन गोशालाओं में करीब 20 हजार गोवंश मौजूद हैं। इनमें गाय, बछड़े और सांड़ शामिल हैं। ठंड बढ़ने पर इनके बीमार पड़ने की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए विभाग की ओर से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीवीओ प्रेम सिंह ने बताया कि गोशालाओं में टिन शेड के चारों ओर तिरपाल लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे रात में ठंडी हवा और कोहरे से गोवंशों को राहत मिलेगी। इसके अलावा जमीन पर सूखी पुआल व भूसा बिछाया जाएगा, ताकि गोवंशों को ठंडी जमीन पर बैठने से बचाया जा सके। प्रत्येक गोवंश को जूट की झूल दी जाएगी। इससे उन्हें ठंड से काफी हद तक सुरक्षा मिलेगी। बीमार और कमजोर गोवंशों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बताया कि उनके लिए अलग से गर्म स्थान और पौष्टिक चारे की व्यवस्था की जाएगी। पशु चिकित्सकों को नियमित रूप से गोशालाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। ठंड में गोवंशों को ताजा और साफ पानी उपलब्ध कराया जाएगा। सीडीओ गामिनी सिंगला ने बताया कि गोशालाओं में ठंड को लेकर निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।