बदायूं। राजकीय फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी नवीन चंद्र आर्य ने बताया कि मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत दो दिवसीय खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन तीन और चार अक्तूबर को ग्राम व न्याय पंचायत अहिरवारा, विकास खंड उझानी में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में बेरोजगार युवक-युवतियों को घरेलू स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण इकाई लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसमें पापड़, अचार, कचरी, मसाला, आटा चक्की, पास्ता आदि सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना की जानकारी दी जाएगी। युवाओं को रोजगार शुरू करने के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहयोग भी मिलेगा। योजना के तहत लागत का 50 प्रतिशत, अधिकतम एक लाख रुपये तक, मशीन व उपकरण मद में अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। प्रभारी ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर युवाओं को स्वरोजगार की ओर अग्रसर करना है।