श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर में खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
- फोटो : AMAR UJALA
बदायूं। कोरोना महामारी के चलते देश में हुए 21 दिन के लॉकडाउन के अंतर्गत घरों में रह रहे समाज के निर्धन बेसहारा, एवं निराश्रित लोगों को अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर में खाद्य सामग्री भेंट की गई. जिसमें आटा ,अरहर की दाल, सरसों का तेल, मसाले एवं चावल आदि के पैकेट दिए गए।
विभाग संघचालक सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि नर सेवा ही सच्ची नारायण सेवा है। विश्वव्यापी कोरोना महामारी को हराने के लिए हम सब एकजुट होकर अपने - अपने घरों में रहें। गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को मानते हुए हम सभी देशवासी रविवार को रात नौ बजे दीपक, मोमबत्ती, टॉर्च एवं मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर एकजुटता के साथ सामाजिक दूरी बनाते हुए 9 मिनट तक प्रकाश करके कोरोना नामक महामारी को हराएं।
विभाग प्रचारक प्रमोद ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से जरूरतमंद, गरीब, निर्धन, बेसहारा लोगों को नगर एवं जिले के अन्य स्थानों पर भी खाद्य सामग्री प्रदान की जा रही है। इस मौके पर व्यवस्थापक ओमप्रकाश वैश्य, जिला मंत्री हिंदू जागरण मंच मुकेश कुमार वर्मा, प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार, राजकुमार सिंह सेंगर, राजीव गंगवार, अयोध्या प्रसाद गंगवार, आदि उपस्थित रहे।