सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए गए बयान
ब्लाक प्रमुख को मां-बाप के साथ भेजा मायके
अंबियापुर ब्लाक प्रमुख आखिरकार तलाश ली गईं। एक अप्रैल से शहर सहित जिले भर के लोगों की जुबां पर अंबियापुर ब्लाक प्रमुख के रहस्यमय ढंग से लापता होने की चर्चा थी। लोगों द्वारा तमाम कयास लगाए जाते रहे, लेकिन शनिवार रात करीब 12 बजे क्राइम ब्रांच की टीम ब्लाक प्रमुख विजेता यादव को महिला थाने ले आई।
इसके बाद ब्लाक प्रमुख के बयान पहले तो महिला थाना में दर्ज हुए। उसके बाद रविवार को दिन में सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष ब्लाक प्रमुख के बयान दर्ज कराए गए। सिटी मजिस्ट्रेट को दर्ज कराए बयान में ब्लाक प्रमुख विजेता यादव ने कहा कि उनका अपहरण नहीं हुआ था, वह अपने बच्चे के साथ अपनी ही मर्जी से गई थीं। अभी वह मां-बाप के साथ रहना चाहती हैं और बाद में पति के घर में जाएंगी। इससे तमाम तरीकों की चर्चाओं पर पूर्ण विराम लग गया है। बताते चलें कि बेटी और बेटे का रिजल्ट कार्ड लेने अपने पति सर्वेश यादव के साथ शहर के एक स्कूल गईं विजेता बेटे के साथ लापता हो गईं थी। पति सर्वेश यादव ने उनके गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की कई टीमें उनको तलाश कर रही थी। आखिरकार क्राइम ब्रांच टीम को शनिवार को सफलता मिल गई। वह हल्द्वानी से उनको लेकर बदायूं आई। अब वह मायके वालों के साथ इटावा गई हैं।
----
ब्लाक प्रमुख विजेता यादव के बयान दर्ज हो गए हैं। उन्होंने मां-बाप के साथ जाने की इच्छा जाहिर की। बालिग होने की वजह से उन्हें मां-बाप की सुपुर्दगी में सुरक्षित दे दिया है।
-एके श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट
-----
ब्लाक प्रमुख को टीम ने उत्तराखंड के हलद्वानी से शनिवार को दिन में बरामद कर लिया था। रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट के सामने उनके बयान दर्ज किए गए। ब्लाक प्रमुख ने स्वीकार किया है कि वह अपनी मर्जी से गई थीं।
-सौमित्र यादव, एसएसपी