नवादा बदन और अकट गांव को पानी ने चारों तरफ से घेर लिया। इसी के साथ दातागंज तहसील तक जाने वाली सड़क पर पानी आ गया। इस सड़क से एक दर्जन से ज्यादा गांव के लोग तहसील तक जाते हैं। गांवों के लोगों को घर तक आने-जाने के लिए पानी से हाेकर गुजरना पड़ रहा है। प्रशासन ने हर्रामपुर गांव के पास दो नाव लगाकर लोगों काे घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की। कई जगहों पर जान जोखिम में डालकर लोग पानी से होकर निकल रहे हैं।
समय रहते लोग नहीं पहुंच पाएंगे अस्पताल
नवादा बदन के शिव प्रताप सिंह ने कहा कि पानी में चलकर गढिया पैगंबरपुर, शेरपुर व नगरिया खनू के पास पानी में चलना पड़ा। अगर कोई व्यक्ति बीमार हो जाए तो समय रहते अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सकता।
गंगा में भी बढ़ा जलस्तर
गंगा नदी में बीते 24 घंटे में तेजी से जलस्तर बढ़ा है। शनिवार को 162.29 गेज मीटर दर्ज किया गया। यहां गंगा खतरे के निशान से 29 सेंटीमीटर ऊपर बह रही हैं। गंगा किनारे स्थित गांव में रहने वाले लोगों को सचेत कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि अगर पानी और बढ़ा तो आस पास के गांव में बाढ़ आ सकती है।
एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि बारिश का पानी रामगंगा में आने की वजह से जलस्तर बढ़ गया है। जल्द ही पानी कम हो जाएगा। फिलहाल नाव की व्यवस्था की गई है। जिससे ग्रामीणों को कोई परेशानी न हो। एडीएम डॉ. वैभव शर्मा के साथ गांव का निरीक्षण किया गया। हालात अभी नियंत्रण में हैं।