संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। धोखाधड़ी व जालसाजी करके मोहल्ले के ही पांच लोगों ने मकान पर कब्जा कर लिया। पीड़ित न्याय की गुहार लगाता रहा लेकिन उसे न्याय नहीं मिल सका। परेशान होकर उसने कोर्ट का सहारा लिया तो मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
कुमारी रुमाना ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया है कि वह चौधरी मोहल्ला की रहने वाली है। अब वह शाहजहांपुर के तिलहर कस्बा उमरपुर में रह रही है। उसकी दादी रहीसा बेगम ने अपनी निजी आय से एक भूखंड खरीदकर उस पर मकान बनवाया था, जो चौधरी मोहल्ला मदीना मस्जिद के पास है। इसी मकान के बराबर में दादा रौनक हुसैन का मकान है। दादा व दादी मौत के बाद दोनों मकानों पर उनके बेटे फुरकान हुसैन, मुबारक हुसैन, साबिर हुसैन मोहम्मद अली मालिक हुए।
मकान पर नूरअफसा, सलीम हुसैन, आफाक हुसैन उर्फ अजीम, शशान तथा सोनी का इन मकानों से कोई मतलब नहीं है लेकिन इन लोगों ने जालसाज करके मकानों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जा कर लिया।
हाउस टैक्स, वाटर टैक्स, विद्युत मीटर तथा अन्य कागजात व रसीद अपने नाम से जारी कराने का प्रयास कर चुके हैं। अब उन्हीं फर्जी कागजों के आधार पर उसके दोनों मकानों को बेंचना चाह रहे हैं। इसकी शिकायत थाना पुलिस से लेकर आलाधिकारियों से की गई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। इसके बाद उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज हुआ है।