भाकियू अंबावता गुट की पंचायत में उठी मांग
भारतीय किसान यूनियन (अंबावता गुट) की पंचायत सदर तहसील परिसर में हुई। इसमें परेशान हाल किसानों का पांच लाख रुपये तक का कर्ज माफ करने की मांग की गई। मंडल महासचिव सोहनपाल ने पंचायत में कहा कि कर्ज में डूबा परेशान हाल किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। इसलिए किसानों का कर्जा माफ किया जाना चाहिए।
महासचिव सोहनपाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार इस ओर ध्यान दे। किसानों को 16 घंटे बिजली सप्लाई दी जाए, जिससे उनके खेतों की सिंचाई समय से हो सके। जिलाध्यक्ष जमुना सिंह फौजी ने कहा कि गन्ना किसानों का बकाया भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। यह भुगतान तत्काल कराया जाए। जिला प्रभारी संजीव पटेल ने कहा कि बदायूं-आंवला मार्ग पर कूड़े के ढेर लगाए जाने से बीमारियां फैलने की आशंका है। इसलिए सड़कों के किनारे कूड़ा न फेंका जाए।
पंचायत में देवेंद्र सिंह, राजेश, रक्षपाल सिंह, नत्थूलाल, मुकेश, गजेंद्र सिंह, श्रीपाल, राजीव, सुभाष सिंह, राकेश गुप्ता, अफसर अली, शाकिर हुसैन, रामपाल, शिव सिंह, रामप्रसाद, रामदीन आदि किसान मौजूद रहे।