बिल्सी। महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पहली बार बीएससी प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए जारी प्रथम मेरिट सूची के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। महाविद्यालय में चयनित अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग जारी है। पहली बार बीएससी कक्षाओं के संचालन से छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग से पहली बार बीएससी कक्षाओं के संचालन की अनुमति मिलने के बाद विज्ञान वर्ग में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब विज्ञान की उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को विधायक हरीश शाक्य की मौजूदगी में बीएससी प्रथम सेमेस्टर के चयनित छात्र-छात्राओं का सामूहिक प्रवेश कराया जाएगा। विधायक विद्यार्थियों से संवाद करेंगे, उनकी शैक्षणिक सुविधाओं और महाविद्यालय से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी लेंगे।
प्राचार्य ने मेरिट सूची में चयनित सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक अभिलेखों के साथ महाविद्यालय पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कराने की अपील की है।
स्नातक प्रथम वर्ष में रिक्त सीटों पर आज से 28 जुलाई तक लिए जाएंगे आवेदन
बिल्सी। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली ने सत्र 2026-27 में स्नातक प्रथम वर्ष में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए पांचवें चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार, 23 जुलाई से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी विश्वविद्यालय पोर्टल पर 150 रुपये शुल्क जमा कर 28 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इसके बाद प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ चरण में पंजीकरण करा चुके और नवीन अभ्यर्थियों की संयुक्त मेरिट सूची तैयार कर महाविद्यालय वार प्रदर्शित की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 से 31 जुलाई तक संबंधित महाविद्यालय मेरिट के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेंगे।
महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के निर्देश प्राप्त हो गए हैं। उन्होंने इच्छुक छात्र-छात्राओं से निर्धारित तिथियों के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर आवश्यक अभिलेखों के साथ समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश से वंचित न होना पड़े। संवाद