दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव करीमगंज में बृहस्पतिवार रात घर में छुट्टा पशु घुसने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। इसमें तीन सगे भाई घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अभी इस मामले में किसी ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
करीमगंज निवासी प्रेमपाल सिंह का कहना है कि बृहस्पतिवार शाम एक छुट्टा पशु उनकी गली में आ गया था। उन्होंने पशु को डंडा लेकर भगाने की कोशिश की तो वह पड़ोसी वालिस्टर के घर में घुस गया। इस पर वालिस्टर ने गालीगलौज शुरू कर दी। इसे लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मोहल्ले के लोगों ने उस वक्त दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया।
रात करीब 8:30 बजे प्रेमपाल (55), उनके भाई भूपराम (55) और जय सिंह (52) अपने घर के पास अलाव पर बैठे हाथ सेंक रहे थे। तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने जबरदस्त फायरिंग की। इसमें तीनों भाई गोली लगने से घायल हो गए। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी भाग गए। इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद हुआ है। एक युवक ने फायर किया था। तीन लोग घायल हुए हैं। तहरीर आने पर कार्रवाई कराई जाएगी। आरोपियों को तलाश कराया जा रहा है।
-
रास्ते के विवाद में मारपीट, दो घायल
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के कस्बा गुलड़िया में रास्ते के निकास को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। बताते हैं कि कस्बे के जगदीश सिंह और चिरौंजी की जमीन के बराबर से राजेंद्र सिंह, सुरेश और पूरन सिंह के घर का रास्ता है लेकिन जगदीश सिंह और चिरौंजी ने बृहस्पतिवार को रास्ते पर मिट्टी डलवा दी, इसे लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें रविश और सुरेश घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संवाद
फैजगंज बेहटा में मूर्तियां क्षतिग्रस्त करने के मामले में समझौता
आसफपुर। फैजगंज बेहटा कस्बे में बुधवार सुबह कुछ अराजक तत्वों ने धर्मस्थल में घुसकर मूर्तियां क्षतिग्रस्त कर दी थीं। इसको लेकर बृहस्पतिवार को दोनों समुदाय के लोगों ने आपस में बातचीत की। सभी लोगों ने मिलकर मामला शांत कराया। बताते हैं कि इस दौरान धार्मिक स्थल की चहारदीवारी कराने और वहां नई मूर्तियां रखने, सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया। राजस्व विभाग ने अपने सामने नींव की खोदाई करा दी। संवाद