ननाखेड़ा गांव में सोमवार को भीषण अग्निकांड से तबाही का मंजर झेल रहे 25 परिवारों ने पहली रात खुले आसमान के नीचे गुजार दी। पीड़ित परिवारों के सामने हालांकि रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है लेकिन तहसील प्रशासन की ओर से राहत राशि मुहैया करा दी गई है। 1.76 लाख रुपये के चेक बांटे गए।
राजस्व निरीक्षक मोहम्मद इरफान के मुताबिक अग्निपीड़ित 23 परिवार को चिन्हित किया था। नुसान का आंकलन भी किया जा चुका है। कम नुकसान वाले परिवार को 18 सौ और सर्वाधिक नुकसान के दायरे में आए परिवारों के मुखिया को नौ-नौ हजार रुपये के चेक बने हैं। मंगलवार अपराह्न में लेखपाल रामनरेश सिह ने अग्निपीड़ित परिवारों को कुल 1.76 लाख रुपये के चेक वितरित कर दिए। इससे पहले ब्लॉक की ओर से सचिव भानुप्रताप सिंह ने भी पीड़ित परिवारों की दास्तां सुनी।
बता दें कि ननाखेड़ा में सोमवार पूर्वाह्न में भीषण अग्निकांड में 25 घर स्वाहा हो गए थे। वृद्धा नेकसीबानो की मौत हो गई थी। जबकि आग बुझाने की कोशिश में आठ लोग झुलस गए थे। झुलसे लोगों में दो-तीन अभी जिला अस्पताल में भर्ती हैं। राजस्व निरीक्षक की मानें तो मृतक आश्रित को मुआवजा दिलाने के लिए एसडीएम ने शासन को रिपोर्ट भेज दी है। मृत पशुओं के मालिकों को भी अलग से मुआवजा मिलेगा। मृत पशुओं का मौके पर ही पोस्टमार्टम कराया गया था। उधर, दूसरे दिन भी पीड़ित परिवार के सदस्यों को अव्यवहारिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने खुले आसमान के नीचे सो कर ही रात गुजार दी।