इस्लामनगर (बदायूं)। इस्लामनगर के प्राथमिक विद्यालय अचलपुर में सोमवार को बड़ा हादसा होने से बच गया। मिड-डे मील बनाने के दौरान अचानक गैस सिलिंडर में आग लग गई, इससे विद्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे सिलिंडर को रसोई से बाहर निकालकर आग बुझाई, तब लोगों को चैन मिला।
घटनाक्रम सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे का है। उस समय अचलपुर के प्राथमिक विद्यालय की रसोई में मिड-डे मील बनाया जा रहा था। गैस चूल्हे पर सब्जी तैयार हो रही थी। अचानक सिलिंडर का पाइप निकल गया, इससे सिलिंडर में आग लग गई। ये देखकर खाना बना रहीं रसोइयां दरवाजा बंद करके रसोई से निकलकर भागीं। रसोई का दरवाजा बंद होने से उसमें गैस भर गई। इससे रसोई का दरवाजा उखड़कर दूर जा गिरा। वहीं सिलिंडर में आग लगने से स्कूल में भगदड़ मच गई।
सभी अध्यापक और बच्चे स्कूल से दूर भाग गए। अध्यापकों ने तुरंत पुलिस और फायरब्रिगेड को सूचना दी, इससे यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों को बचाते हुए पुलिस किसी तरह रसोई में घुस गई। सिलिंडर को निकालकर बाहर ले जाया गया। उस पर गीली मिट्टी और गीला कपड़ा डालकर आग बुझाई गई। तब कहीं लोगों की जान में जान आई। बीईओ राशिद अनवर ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। स्कूल परिसर में सफाई के निर्देश दिए।