बिल्सी। सोमवार की रात नगर के मुख्य बाजार स्थित एक रेडीमेड कपड़े की दुकान में संदिग्ध हालात में आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग आग बुझाने दौड़ पड़े। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक दुकान में रखा रेडीमेड कपड़ा जलकर राख हो गया।
मोहल्ला संख्या एक उत्तम देवल पुत्र नीरज देवल की मुख्य बाजार में प्रथमा ग्रामीण बैंक के सामने रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। दिवाली की शाम लगभग सात बजे वह दुकान बंद कर पास की दूसरी दुकान पर हवन-पूजन करने गए थे। रात करीब 10 बजे आसपास के दुकानदारों ने उसकी दुकान से धुआं उठता देखा तो तत्काल उन्हें सूचना दी।
उत्तम देवल जब तक मौके पर पहुंचे तब तक दुकान में रखे लाखों रुपये के रेडीमेड कपड़े और फर्नीचर पूरी तरह से जल चुका था। अनुमान है कि आग से करीब दो से तीन लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फड़ पर बनाई गई यह अस्थायी दुकान टिन शेड और तिरपाल से ढकी हुई थी। आशंका है कि किसी पटाखे की चिंगारी उड़कर तिरपाल पर जा गिरी, जिसने आग पकड़ ली।
उधर, कोतवाली क्षेत्र के गांव गुधनी में हरकेश पाल पुत्र कृपाल सिंह की मोबाइल की दुकान में बिजली के शार्ट सर्किट से सोमवार की शाम सात बजे आग लग गई। आग में एक लेपटॉप और 50 से अधिक मोबाइल फोन जल गए। लोगों ने आग पर काबू पाने की काफी कोशिश की। मगर तब तक आग से सारा सामान जल चुका था। पीड़ित ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस जांच में जुट गई है।