बदायूं। दो दिन पहले मीराजी चौकी इलाके में गणित प्रवक्ता एचएन सिंह की मौत और मामूली बूंदाबांदी से ही अंडरग्राउंड लाइन में फाल्टों से जमीन के अंदर दफन भ्रष्टाचार का जिन्न फिर बाहर आ गया है। शनिवार को शहर के व्यस्त सुभाष चौक के पास अंडरग्राउंड लाइन के केबल बॉक्स में फाल्ट के साथ धमाका हुआ और आग लग गई। इससे यहां भगदड़ मच गई। गनीमत रही कोई चपेट में नहीं आया। इस दौरान कई इलाकों में बिजली गुल हो गई।
अंडरग्राउंड बिजली लाइन 2016 से ही विवादों और सियासी पचड़े में फंसी हुई है। बारिश के मौसम में अंडरग्राउंड केबल कब खतरा बन जाए कहा नहीं जा सका। एक लाइनमैन की भी पिछले वर्ष मौत हो चुकी है। शनिवार को शहर में दो स्थानों पर अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट हुए। जफा की कोठी के पास सुबह करीब आठ बजे केबल में फाल्ट हो गया। इससे नई सराय, शहवाजपुर, कल्याननगर, लोचीनगला, नई बस्ती की बिजली सप्लाई करीब चार घंटे ठप रही। इसके कुछ देर बाद ही सुभाष चौक के पास केबल बॉक्स में फाल्ट के साथ धमाका हुआ और आग लग गई। यहां भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि शनिवार को बंदी का दिन था। ऐसा न होने पर यहां भीड़ के कारण हादसा भी हो सकता था।
बारिश के मौसम में करंट फैलने का खतरा
बारिश के दिनों में शहर के तमाम इलाकों में जलभराव हो जाता है। हर बार की तरह इस बार भी बारिश के दिनों में अंडरग्राउंड केबल से करंट फैलने का खतरा बना हुआ है। दरअसल, कई स्थानों पर केबल मानक के अनुसार नहीं है। इसकी गहराई बमुश्किल एक फीट है। तमाम स्थानों पर तो केबल सड़क के ऊपर दिख रही है। ऐसे में यह खतरा बनी हुई है। पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी भी अंडरग्राउंड केबल में रोज-रोज होने वाले फाल्टों को लेकर परेशान हैं।
बारिश के कारण कुछ स्थानों पर लोकल फाल्ट हुए थे। इनके कारण कुछ समय के लिए बिजली सप्लाई में व्यवधान पैदा हुआ। लोकल फाल्ट दूर करने के बाद सप्लाई चालू करा दी गई है। - नीरज गोवाड़ी, एसडीओ पनबड़िया