बिसौली में कोल्डस्टोरेज में आग की वूचना पर पहुंची पुलिस व अन्य। संवाद
बिसौली। दबतोरी रोड स्थित एक कोल्ड स्टोर की छठी मंजिल पर सोमवार को आग लग गई। यहां फाइबर सामग्री रखी थी। इससे आग तेजी से फैलने लगी। तत्परता के कारण आग ज्यादा फैल नहीं सकी। फिर भी एक लाख की क्षति हो गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
अमोनिया गैस का प्रेशर चेक करने गए टेक्नीशियन वीरेश ने छठी मंजिल से धुआं उठता देखा। उन्होंने बिना देर किए कोल्ड स्टोर मालिक अमित अग्रवाल उर्फ सोनू को सूचना दी। इसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचित कर दिया गया। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी कमलेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
वहीं बिसौली, वजीरगंज और बदायूं से दमकल की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। इंस्पेक्टर ने तत्परता दिखाते हुए परिसर में लगे बोरिंग से पाइप जोड़कर पानी की व्यवस्था कराई, जिससे आग पर काबू पाने में मदद मिली। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। आग की चपेट में आने से फाइबर सामग्री के साथ आलू से भरे कई कट्टे भी झुलस गए। कोल्ड स्टोरेज स्वामी अमित अग्रवाल ने बताया इस घटना में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते कार्रवाई और प्रशासन की मुस्तैदी से एक बड़ा नुकसान होने से बच गया।