बिनावर। बरेली-मथुरा हाईवे पर थाना क्षेत्र के घटपुरी गांव के पास हरियाणा से आ रही सीएनजी इको कार में अचानक आग लग गई। कार में चालक विनय कुमार पुत्र परमेश्वरी दयाल, निवासी गांव सिंगाई कस्थान, थाना भोजीपुरा, बरेली समेत 11 लोग सवार थे। सभी बाल-बाल बच गए, लेकिन कार पूरी तरह जल गई। आग लगने पर जान बचाने की फिक्र में कार में ही मजदूरों का सारा सामान छूट गया, जिसमें उनकी कमाई के 80 हजार रुपये भी जल गए। सीएनजी टैंक फटने के डर से सभी खेतों की ओर भागे। करीब एक घंटे तक ट्रैफिक जाम रहा।
चालक विनय कुमार ने बताया कि कार में सवार अमित, प्रदीप, सूरज, रामाश्रय, शीशपाल, रमेश, सौरभ, पिंटू, रामप्रकाश व छोटे, निवासी ग्राम लाह, थाना पूरनपुर, पीलीभीत हरियाणा से मजदूरी करके लौट रहे थे। सभी ने इको कार बुक कर रखी थी। गांव लाह जाते समय घटपुरी के पास कार में पीछे की तरफ आग लग गई।
आग लगते ही चालक ने कार रोकी। सभी लोग तुरंत बाहर आ गए। सामान निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया। सीएनजी टैंक फटने के डर से सभी खेतों की ओर भागे। करीब एक घंटे तक ट्रैफिक जाम रहा।
कार सवार मजूदरों के अनुसार, मजदूरी के 80,000 रुपये, कपड़े-बैग समेत उनका सारा सामान जल गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। थाना बिनावर पुलिस ने सवारों का हाल जाना। बाद में सभी लोग रोडवेज बस से अपने घर को रवाना हुए।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सीएनजी किट में खराबी से आग लगने की आशंका है। गनीमत रही कि आग लगने के बाद भी कोई जनहानि नहीं हुई, न ही सिलिंडर फटा।
वाहन चालकों को रखनी चाहिए यह सावधानियां
बदायूं। वाहनों में अकारण लग रही आग की समस्याओं को देखते हुए बरेली आरटीओ प्रणव झा ने वाहन चालकों के लिए कुछ सावधानियां रखने की हिदायत दी है। जिससे वाहनों में आग लगने की समस्या से बचा जा सके। वाहनों के सीसे थोड़े खुले रखने चाहिए, जिससे गर्म हवा पास हो सके। गाड़ी में आग लगने केमिकल बोतल, सिगरेट, माचिस आदि सामान न रखें। टायर में हवा नार्मल रखें। इसके साथ ही सीएनजी या पेट्रोल टैंक 50 फीसदी रखना चाहिए। कार को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे चलाने से बचाव करना चाहिए। कार की सर्विस समय पर ही करवाएं। कूलेंट या लुब्रिकेंट की मात्रा को प्रत्येक सप्ताह में जरूर चेक करना चाहिए। इन सभी सावधानियों से गाड़ी में आग लगने की समस्या से बचा जा सकता है। संवाद
बिनावर में कार में लगी आग बुझाते अग्निशमन कर्मी। संवाद- फोटो : मेडल व प्रमाण पत्र के साथ खिलाड़ी व मुख्य अतिथि।
बिनावर में कार में लगी आग बुझाते अग्निशमन कर्मी। संवाद- फोटो : मेडल व प्रमाण पत्र के साथ खिलाड़ी व मुख्य अतिथि।