उझानी (बदायूं)। कछला गंगाघाट पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद रविवार रात दो नाविकों के बीच कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। भनक लगते ही दोनों पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्ष के लोगों को लामबंद होता देख घाट पर भगदड़ मच गई।
मारपीट का मामला रात करीब आठ बजे का है। कछला निवासी पप्पू और पंखियानगला गांव का गुल्लू घाट पर ही नावों का संचालन करते हैं। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। उस समय तो दोनों के तेवर ठंडे पड़ गए लेकिन गणेश भक्तों की भीड़ कम होने पर गुल्लू और पप्पू एक-दूसरे पर टूट पड़े। शुरू में गुल्लू पिट गया। बाद में भनक लगते ही गुल्लू के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पप्पू की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद पप्पू पक्ष घाट पर पहुंचा लेकिन तब तक दूसरे पक्ष के लोग मौके पर से खिसक चुके थे। पुलिस ने पप्पू की तहरीर पर गुल्लू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इधर, मारपीट के चश्मदीद लोगों की मानें तो दोनों पक्ष के लोग लामबंद हो चुके हैं। इससे फिर झगड़े की आशंका बनी हुई है।